शाहजहांपुर: होली दहन स्थल पर बनी दीवार गिराई गई, गांव में पुलिस बल तैनात


शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र के सतवां बुजुर्ग गांव में होलिका दहन स्थल पर निर्मित दीवार को रविवार को पुलिस की मौजूदगी में गिरा दिया गया। ग्रामीणों का कहना था कि दीवार की वजह से होली की परिक्रमा करने में दिक्कत हो रही थी, जिस पर प्रशासन ने कार्रवाई की।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में वर्षों से एक निर्धारित स्थान पर होलिका दहन होता आ रहा है। हाल ही में स्थान परिवर्तन के बाद चुने गए नए स्थल के पास नाली होने से परिक्रमा में समस्या आती थी। ऐसे में पटरे डालकर किसी तरह होलिका दहन कराया जाता था। आरोप है कि गांव के तीन लोगों ने इसी स्थान पर दीवार बनवा दी, जिससे विवाद खड़ा हो गया। शिकायत के बाद सितंबर माह में निर्माण कार्य रुकवा दिया गया था।
बताया जाता है कि इस वर्ष जब ग्रामीणों ने होलिका दहन के लिए सामग्री रखी तो दीवार बनवाने वाले पक्ष ने उसे हटाकर फेंक दिया, जिससे तनाव और बढ़ गया। सूचना पर अधिकारी गांव पहुंचे और दोनों पक्षों के साथ बैठक बुलाई, लेकिन एक पक्ष के शामिल न होने से समाधान नहीं निकल सका।
रविवार को पुलिस बल की मौजूदगी में दीवार को गिरा दिया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।
पुवायां के सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि होलिका दहन स्थल के पास बनाई गई दीवार की शिकायत पहले भी मिली थी। होली पर परिक्रमा में आ रही दिक्कत को देखते हुए दीवार हटाने की कार्रवाई की गई है। गांव में शांति व्यवस्था कायम है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form