शाहजहांपुर के पुवायां में विद्युत समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पुवायां विद्युत उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव के नेतृत्व में उपकेंद्र परिसर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
दोपहर करीब एक बजे मीडिया से बातचीत में जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव ने कहा कि किसानों को शासनादेश के अनुसार 18 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलनी चाहिए, लेकिन क्षेत्र में लगातार कटौती की जा रही है, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि सभी फार्म हाउसों को ग्रामीण विद्युत लाइन से जोड़ा जाए, ताकि किसानों को अलग से होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि रघुनाथपुर में गुरुद्वारे के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के तार काफी नीचे लटक रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने विभाग से तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग की।
भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
धरने की सूचना पर विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। समाचार लिखे जाने तक वार्ता जारी थी।