पीलीभीत। जनपद के जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कनाकोर में शुक्रवार तड़के घर में बनी पशुशाला में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से 55 वर्षीय व्यक्ति की दम घुटने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम कनाकोर निवासी ओमकार (55) पुत्र चंद्रसेन गंगवार घर में बनी गौशाला में सो रहे थे। सुबह करीब चार बजे अचानक पशुशाला में आग लग गई। आग से उठे धुएं के कारण अंदर सो रहे ओमकार बेहोश हो गए और दम घुटने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ सदर नताशा गोयल ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।
ग्राम प्रधानपति रक्षपाल के अनुसार शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
बताया गया है कि ओमकार तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी पत्नी और बेटे की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, जबकि बेटी की शादी हो चुकी है। वह घर में अकेले रहते थे और पशुशाला में ही सोते थे। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।