होली पर निकला परंपरागत छोटे लाट साहब का जुलूस ड्रोन कैमरे से की गई निगरानी

होली के पर्व पर शाहजहांपुर जनपद पुवायां के बड़ागांव में परंपरागत ‘छोटे लाट साहब’ का जुलूस पूरे उत्साह और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाला गया। जुलूस को देखने के लिए गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उमड़े। रंग, गुलाल और अबीर की बौछारों के बीच पूरा गांव होली के रंग में रंगा नजर आया।

होली के दिन निकलने वाली वर्षों पुरानी परंपरा के तहत गांव के ही एक व्यक्ति को प्रतीकात्मक रूप से ‘लाट साहब’ बनाया गया। उन्हें गधे पर बैठाकर पूरे गांव में घुमाया गया। जुलूस जब बड़ागांव चौकी के पास पहुंचा तो चौकी इंचार्ज ने छोटे लाट साहब को सलामी दी। इस दौरान लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। 

इसके बाद जुलूस निर्धारित मार्गों से होता हुआ आगे बढ़ा।
जुलूस में दूरदराज गांवों से आए हुरियारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवा थिरकते नजर आए। अबीर-गुलाल उड़ाते हुए लोग एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते रहे। कई स्थानों पर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग अपने-अपने घरों की छतों से छोटे लाट साहब और हुरियारों पर रंग डालते दिखाई दिए।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। जुलूस मार्ग पर जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए और ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। पुलिस अधिकारी लगातार जुलूस के साथ चलते रहे और व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।

प्रशासन की सतर्कता और ग्रामीणों के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। परंपरा और उत्सव के संगम ने बड़ागांव में होली के रंग को और भी खास बना दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form