शाहजहांपुर के थाना सिधौली क्षेत्र के गांव बाजपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सिधौली क्षेत्र के गांव बाजपुर निवासी रामसनेही का 21 वर्षीय पुत्र गोपाल उर्फ शेखू बुधवार शाम करीब सात बजे गांव में ही किसी परिचित के यहां पैर छूने के लिए गया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। परिवार के लोग पूरी रात युवक की खोजबीन करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
गुरुवार सुबह गांव का एक व्यक्ति खेत की ओर गया तो उसने गांव के पूर्व फकीरे के खेत में लगे पॉपुलर के पेड़ से एक युवक का शव रस्सी के सहारे लटका हुआ देखा। यह देखकर उसने तुरंत गांव के लोगों और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर परिजन और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पहचान करने पर शव गोपाल उर्फ शेखू का निकला।
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जाता है कि युवक का शव पॉपुलर के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ था और उसके पैर जमीन को छू रहे थे। वहीं उसकी जीभ बाहर निकली हुई थी, जिससे घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।मृतक की मां सुबोधा देवी ने रोते-बिलखते बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भी शोक का माहौल है।
बताया जाता है कि गोपाल उर्फ शेखू छह भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके भाइयों में मुकेश, अमित, सुमित, आशीष और विशाल शामिल हैं, जबकि उसकी चार बहनों की पहले ही शादी हो चुकी है।
खबर लिखे जाने तक पुलिस मौके पर मौजूद रहकर आवश्यक कार्रवाई कर रही थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।