दहेज में कार नहीं मिली तो ससुरालियों पर मायके में घुसकर हमला करने का आरोप


शाहजहांपुर। पुवायां कोतवाली क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता और उसके मायके वालों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। विवाहिता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर मायके में घुसकर लाठी-डंडे और तलवार से हमला करने, नकदी और सोने के जेवर ले जाने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
कसभरा तकिया निवासी करमजीत कौर ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 8 मई 2026 को खुटार थाना क्षेत्र के कुरैया खानपुर गांव निवासी जगदीप सिंह के साथ सिख रीति-रिवाज से हुई थी। आरोप है कि शादी में मायके पक्ष ने करीब 20 लाख रुपये खर्च किए और जरूरत का सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग चार पहिया वाहन की मांग करने लगे।

विवाहिता के मुताबिक, अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी करने में मायके वालों ने असमर्थता जताई तो ससुरालीजन उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि 29 अगस्त को करीब दो बजे जगदीप सिंह समेत कई लोग उसके मायके पहुंचे और घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसके हाथ में तलवार लगने से चोट आई।
विवाहिता का आरोप है कि उसे बचाने पहुंचे उसके भाई बलविंदर सिंह के सिर पर भी तलवार से हमला किया गया। इसके बाद हमलावर घर में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और चार तोला सोना लेकर चले गए। शोर सुनकर मोहल्ले के लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि घटना का वीडियो उसके पास मौजूद है। उसने प्रभारी निरीक्षक से मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form