बंडा (शाहजहांपुर)।
थाना बंडा क्षेत्र में हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जनपदीय एसओजी, सर्विलांस सेल और थाना बंडा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को चोरी के माल समेत गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से जेवरात, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को गुरु नानक कॉलोनी निवासी अभय प्रताप सिंह ने तहरीर दी थी कि उनके परिवार के बाहर जाने के दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर 70 हजार रुपये नकद और जेवरात चोरी कर लिए। मामले में थाना बंडा पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देशन में गठित टीम ने 24 जनवरी की देर रात मुखबिर की सूचना पर ददियुरी मोड़ से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अशरफ पुत्र लतीफ अहमद उर्फ मुन्ने और अकील इरफान पुत्र नन्हे बख्श के रूप में हुई है, दोनों जनपद ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) के निवासी बताए गए हैं।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल, पोको मोबाइल फोन, सोने की चेन, मांग टीका, ओम अंकित तीन लॉकेट, चांदी की पायल की दो जोड़ियां और चार खड़ुए बरामद किए गए। बरामद मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त अशरफ का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश के कई थानों में चोरी, गैंगस्टर और अन्य गंभीर धाराओं में तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, अभियुक्त अकील के खिलाफ भी पूर्व में चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।