खाते से रुपये निकालने को कहने पर पति से मारपीट, सीओ से शिकायत


पुवायां (शाहजहांपुर)।
पत्नी से बैंक खाते में जमा रुपये निकालने की बात कहना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि ससुराल पहुंचने पर पत्नी, ससुर और सालियों ने मिलकर युवक की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए क्षेत्राधिकारी से शिकायत की है।
पुवायां नगर के एक मोहल्ला निवासी विकास पुत्र बुद्धा लाल ने क्षेत्राधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी पत्नी विवाद के बाद मायके चली गई थी और साथ में अपनी पासबुक व एटीएम कार्ड भी ले गई थी। विकास के अनुसार उसने अपनी पत्नी के खाते में करीब 13 हजार 500 रुपये से अधिक जमा किए थे। किसी जरूरत के चलते वह रुपये निकालने की बात कहने अपनी पत्नी के मायके पहुंचा था।
आरोप है कि इसी बात पर नाराज होकर पत्नी, ससुर और सालियों ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और कानूनी कार्रवाई की मांग की। विकास का आरोप है कि कोतवाली पुलिस ने उसे बैठा लिया और गुरुवार सुबह छोड़ दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की।
इसके बाद पीड़ित अपने परिजनों के साथ गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचा और तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी प्रवीण मलिक ने बताया कि उन्हें तहरीर प्राप्त हुई है। कोतवाली प्रभारी से बात कर घायल विकास का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। तहरीर के आधार पर मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form