10 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन चढूनी का धरना प्रदर्शन


पुवायां। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी गुट) ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर पुवायां डाक बंगला परिसर स्थित धरना स्थल पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन चढूनी के जिलाध्यक्ष भारत सिंह यादव ने पुलिस एवं तहसील प्रशासन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर जनपद में आवारा पशुओं की समस्या से किसान बेहद परेशान हैं। आवारा पशुओं के कारण किसानों की फसलें नष्ट हो रही हैं और जनहानि की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। ऐसे में आवारा पशुओं को पकड़वाकर गौशालाओं में भेजा जाए।
किसान यूनियन ने शाहजहांपुर के मकसूदपुर स्थित बजाज चीनी मिल, बांदा पर किसानों के गन्ना भुगतान का बकाया तत्काल कराने की मांग की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भुगतान न मिलने से किसानों को अपने बच्चों की पढ़ाई और बीमारी के इलाज में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा यूनियन ने सूदखोरों पर सख्त कार्रवाई करने, चकरोड व बंजर भूमि को गांव के दबंगों के कब्जे से मुक्त कराने की मांग उठाई। बद्रीपुर हदीरा में स्थित करीब 400 वर्ष पुराने शिव मंदिर से अतिक्रमण हटाने, झज्जर विद्युत लाइन हटवाने तथा किसानों पर दर्ज झूठे मुकदमों को वापस लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।
किसान यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी 10 सूत्रीय मांगों पर जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन जेल भरो आंदोलन के साथ-साथ जिला कूच करने को मजबूर होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form