पुवायाँ (शाहजहाँपुर)।
दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की जंजीर की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस और न्यायालय से बचने के लिए भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसे मोहम्मदी रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे से दबोच लिया।
पुवायाँ थाना क्षेत्र के ग्राम टकेली निवासी वादी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री सपना की शादी सुमित कुमार पुत्र हुलासीराम से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। आरोप है कि आरोपी पति और उसके परिजनों ने सपना से बुलेट मोटरसाइकिल व सोने की जंजीर लाने का दबाव बनाया। मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या कर दी गई।
मामले में पुलिस ने 21 जनवरी को दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। तभी से आरोपी पति फरार चल रहा था। बुधवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मोहम्मदी रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे खड़ा है और कहीं भागने की तैयारी में है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।