कॉलेज परीक्षा देने जा रही युवती से छेड़छाड़, तेजाब डालने की धमकी, कई पर मुकदमा


सिधौली (शाहजहांपुर)।
कोतवाली सिधौली क्षेत्र में कॉलेज परीक्षा देने जा रही 18 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़, अश्लील हरकतें करने, तेजाब डालने की धमकी देने, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने कई नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां ने कोतवाली सिधौली में दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे उनकी बेटी कॉलेज में परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि गांव का ही रहने वाला युवक रिजवान उसका पीछा करता हुआ आया। जब युवती एक मैजिक वाहन पर बैठी, तो रिजवान भी उसी वाहन में सवार हो गया।
रास्ते में आरोपी ने युवती के साथ छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकतें कीं। युवती द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने किसी से शिकायत करने पर तेजाब डालने की धमकी दी। परीक्षा केंद्र के पास उतरने के बाद भी आरोपी और उसके साथी वहां पहुंच गए और युवती के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने रिजवान सहित अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है, पीड़िता का बयान दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form