शाहजहांपुर में सनसनी: दो महीने से लापता युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला, हत्या या आत्महत्या?

 जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना बंडा थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया रसूलपुर निवासी राजेश (पुत्र अमर सिंह) का शव शनिवार को गांव के ही एक खेत में आम के पेड़ से लटका मिला। शव सड़ी-गली हालत में मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई।
परिजनों के अनुसार, राजेश 8 दिसंबर को खेतों की ओर जानवर भगाने के लिए घर से निकला था। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने उस समय अपहरण की आशंका भी जताई थी।
शनिवार को गांव के ही राम रईस के खेत में आम के पेड़ से शव लटका दिखाई दिया। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। कपड़ों के आधार पर परिजनों ने शव की शिनाख्त राजेश के रूप में की। ग्रामीणों का कहना है कि शव लगभग एक सप्ताह पुराना प्रतीत हो रहा है, जबकि युवक दो महीने से लापता था। ऐसे में मामला और उलझ गया है।
                    मृतक का फाइल फोटो

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। परिजन निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पीएम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form