लाइनमैन की मौत पर विभाग का पल्ला झाड़ना, सवालों के घेरे में जिम्मेदार


 शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र के भटनोसा गांव में बिजली लाइन ठीक करते समय लाइनमैन भगवानदास की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों ने जहां खेत मालिक समेत कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं विद्युत विभाग ने मृतक से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार कर दिया है।
विद्युत उपकेंद्र खुटार परिसर में बने सरकारी आवास में वर्षों से रह रहे भगवानदास की गुरुवार सुबह करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा और व्यवस्था के लाइन पर काम कराया गया, जिससे यह हादसा हुआ।
मामले में अवर अभियंता जितेंद्र शर्मा ने कहा कि मृतक उनके विभाग का कर्मचारी नहीं था। वहीं एक्सईएन पुनीत निगम ने भी स्पष्ट किया कि न तो भगवानदास का विभाग से कोई संबंध था और न ही संबंधित लाइन का शटडाउन लिया गया था।

हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि यदि भगवानदास विभाग का कर्मचारी नहीं था, तो वह वर्षों से विद्युत उपकेंद्र के सरकारी आवास में किसकी अनुमति से रह रहा था। इस सवाल पर विभागीय अधिकारी चुप्पी साधते नजर आए।
फिलहाल पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर खेत मालिक समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद जिम्मेदारी को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form