पुवायाँ राज परिवार की ओर से उप-जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार कर छवि खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पत्र में कहा गया कि कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थवश तथ्यहीन बातें प्रसारित कर रहे हैं, जिससे राज परिवार की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।
राज परिवार ने हरदेव राजा ग्राम पूजा स्थल को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि ग्राम पूजा की परंपरा उनके पूर्वजों द्वारा शुरू की गई थी, जो आज भी जारी है। पूजा स्थल राज परिवार की निजी संपत्ति पर स्थित है और हाल ही में वहां सुधार कार्य भी कराया गया है।
लोहार-बढ़ई समुदाय के मामले में कहा गया कि वर्ष 2024 में निजी भूमि खाली करने के लिए विधिक नोटिस दिया गया था। बाद में आपसी सहमति से संबंधित परिवारों को दूसरी भूमि रहने के लिए उपलब्ध कराई गई, जिस पर लिखित सहमति भी हुई थी। आरोप लगाया गया कि अब कुछ लोगों को बहकाकर अपना निर्णय बदलने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
राज परिवार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए प्रशासन से सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।