बंडा पुलिस बनी फरिश्ता, गहलुईया पुल से कूदने जा रहे युवक की बचाई जान


शाहजहांपुर। बंडा थाना क्षेत्र के गहलुईया पुल पर पुलिस की तत्परता से एक युवक की जान बच गई। पारिवारिक विवाद से परेशान युवक पुल की रेलिंग पर चढ़कर नहर में छलांग लगाने की कोशिश कर रहा था। ड्यूटी पर तैनात दो सिपाहियों ने समय रहते उसे पकड़कर सुरक्षित नीचे उतार लिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गहलुईया निवासी वयन्त सिंह (38) पुत्र जनरल सिंह पारिवारिक विवाद के बाद गहलुईया पुल पर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ने पुल पर पहुंचकर अपने कपड़े उतार दिए और रेलिंग पर चढ़कर नहर में कूदने का प्रयास करने लगा। वह कह रहा था कि वह अपने भाइयों से लड़कर आया है और अब मर जाएगा।

इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सिपाही सचिन कुमार मिश्रा और वीरेंद्र प्रताप शुक्ला की नजर युवक पर पड़ी। दोनों सिपाहियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युवक को रेलिंग से नीचे उतारा और समझाया-बुझाया।
पूछताछ में युवक ने बताया कि उसका अपने बड़े भाई से पारिवारिक विवाद हुआ था, जिससे वह परेशान था। पुलिस ने उसके भाई बलिहार सिंह को मौके पर बुलाया और दोनों भाइयों को समझाया। इसके बाद वयन्त सिंह को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
युवक के परिजनों ने पुलिसकर्मियों का आभार जताते हुए कहा कि अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था। सिपाही सचिन कुमार मिश्रा और वीरेंद्र प्रताप शुक्ला की तत्परता की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form